क्षेत्र के तिगरी गंगाधाम पर चाची की अंत्येष्टि में जा रहे मिनी ट्रक का डाला का गेट अचानक खुलने से भतीजे व एक अन्य की गिरकर मौत हो गई। जबकि तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को रेफर किया गया है। उधर, मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि डिडोली थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर निवासी कैलाश की करीब साठ वर्षीय पत्नी कुसुम का दो दिन पूर्व अमरोहा के अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। बुधवार रात को ही उसकी मौत हो गई। गुरुवार दोपहर को शव को अंत्येष्टि के लिए तिगरी धाम ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गजरौला-तिगरी रोड पर पक्का पुल के पास अंत्येष्टि में जा रहे मिनी ट्रक का अचानक पीछे से डाला खुल गया, जिससे पांच लोग चलती गाड़ी से सड़क पर गिर गए। आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुंवरसैन (40) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। जबकि घायल नीटू, लाल सिंह, जयनारायण व रामकिशोर को निजी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। राम किशोर (25) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस पहुंच गई।
जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।