अमरोहा। बिहार और दूसरे राज्यों से चोरी के ट्रैक्टर के फर्जी कागज तैयार कर बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का डिडौली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने बदायूं के दो आरोपी अनमोल यादव और वीरेश यादव को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के तीन ट्रैक्टर, तीन फर्जी नंबर प्लेट और घटना में प्रयुक्त कंटेनर बरामद की है। गिरोह में डिडौली क्षेत्र के भी चार लोग शामिल हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
शुक्रवार को पुलिस ऑफिस में खुलासा करते हुए एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि बृहस्पतिवार रात डिडौली इंस्पेक्टर हरीशवर्धन सिंह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने सूचना पर फतेहपुर जिवाई रोड पर एक कंटेनर में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कंटेनर में तीन ट्रैक्टर लदे थे। इन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
आरोपियों की पहचान नाम बदायूं फैजगंज बैहटा थानाक्षेत्र के अल्हैपुर खुर्द निवासी अनमोल यादव व वीरेश यादव हुई है। पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए दोनों आरोपी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के सहसपुर अलीनगर निवासी असीम हुसैन, करनपुर गांव निवासी हबीब व समीर और दानिश पाशा के साथ मिलकर बिहार व दूसरे राज्यों से चोरी के ट्रैक्टर लाते हैं और रास्ते में ट्रैक्टरों पर उत्तर प्रदेश की फर्जी नंबर प्लेट लगा देते हैं। ट्रैक्टरों के कूटरचित कागजात तैयार करके किसानों को सही बताकर बेच देते थे। इसके बाद कमाई को आपस में बांट लेते है। इसके पहले चोरी किए हुए ट्रैक्टर इकट्ठे करते हैं और उन्हे कंटेनर में भरकर अमरोहा ले आते है। बाद में अपने साथी आसिम हुसैन के सहयोग से टैक्टरों के फर्जी कागजात तैयार कर बेच देते हैं।
इधर के नमकीन उधर से चोरी के ट्रैक्टर लेकर आते हैं
एसपी अमित कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक वीरेश यादव और अनमोल यादव मुरादाबाद से बिहार के लिए नमकीन ले जाते हैं और उधर से हसीम व आसिम के कहने पर चोरी के ट्रैक्टर कंटेनर में लादकर लाते हैं। आते समय बलरामपुर, लखीमपुर वाला रास्ता चुनते हैं। यहां इन्हें पुलिस नहीं पकड़ पाती है और इस कार्य के लिए उन्हें 50 हजार रुपये मिलते है।
-
चोरी के ट्रैक्टर के साथ दो साल पहले भी पकड़ा गया था हसीब
एसपी ने बताया कि गिरोह के सभी सदस्य शातिर किस्म के अपराधी है। इनका एक संगठित गिरोह है। एक दूसरे को काफी समय से जानते हैं और अन्य राज्यों से चोरी किए हुए ट्रैक्टरों लाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का काम काफी समय से करते आ रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले भी वांछित हसीब को चोरी के ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार किया गया था।
-
हसीब है गिरोह का मास्टरमाइंड, धार से करता है एस्कॉर्ट
एसपी के मुताबिक करनपुर गांव का रहने वाला हसीब इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। जिस समय कंटेनर में चोरी के ट्रैक्टर आते हैं। इस दौरान हसीब भी अपनी थार से कंटेनर को एस्कॉर्ट करता है।
-
खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार का इनाम
एसपी अमित कुमार आनंद ने चोरी के ट्रैक्टर कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने वाले गिरोह का खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है।