गजरौला (अमरोहा)। घरों के ऊपर गुजर रही उच्च शक्ति की लाइनों के साथ ही जर्जर तार और बिजली के खंभे भी हादसे का सबब बने हुए हैं। छत पर करंट की चपेट में आए बालक को छुड़ाने के प्रयास में महिला समेट पांच लोग बेहोश हो गए। घटना के बाद गुस्साई महिलाओं ने मोहल्ले में ही बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में एक्सईएन ऑफिस जा पहुंचीं। यहां उनके नहीं मिलने पर लेखाकार को ज्ञापन सौंपा। इसमें तार और जर्जर खंभे बदलवाने तथा वहां एबी केबल डलवाने की मांग की गई है।
बुधवार की सुबह नगर के मोहल्ला मायापुरी में मंडी समिति की बगल वाली गली में वीरेंद्र सिंह के मकान के बाहर मोहल्ले की महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इनका कहना था कि मोहल्ले में जर्जर लाइनें और खंभे हादसे का सबब बने हुए हैं। वीरेंद्र सिंह के मकान में भी टूटे खंभे की वजह से करंट दौड़ता रहता है। मंगलवार की शाम घर की छत पर खेल रहा उनका पुत्र प्रिंस करंट की चपेट में आ गया था। उसे छुड़ाने पहुंचीं मंजू, रीना, कनक और चमन भी करंट लगने से बेहोश हो गए थे। उन्होंने मोहल्ले में एबी केबल डलवाने की मांग की। इसके बाद फाजलपुर स्थित एक्सईएन ऑफिस जा पहुंचीं। उनके नहीं मिलने पर लेखाकार विवेक शर्मा को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने तार और खंभे नहीं बदलवाए जाने पर आंदोलन की धमकी भी दी। इस मौके पर मंजू, प्रेमवती, रीना, राजेंद्री, फूलवती, मुन्नी, पुष्पा, लक्ष्मी, सुलेखी, शांति, नीलम, लवली आदि रहीं।