अमरोहा पुलिस आफिस में क्राइम मीटिंग लेते एसपी डॉ विपिन ताडा साथ में एएसपी और सीओ।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। क्राइम मीटिंग में एसपी ने थानेवार अपराध की समीक्षा की। हसनपुर, गजरौला और डिडौली थानाक्षेत्र में बढ़ते अपराध पर उनका पारा चढ़ गया। तीनों इंस्पेक्टर को जमकर लताड़ लगाई। अपराध पर अंकुश लगाने का आखिरी मौका दिया। अपराध नियंत्रण में नाकाम रहने पर थानेदारी से मोह छोड़ देने की नसीहत दी। एसपी के तेवर देख अन्य थानाध्यक्षों में हड़कंप मचा रहा।
मंगलवार की रात पुलिस कार्यालय सभागार में एसपी डॉ. विपिन ताडा ने क्राइम मीटिंग ली। करीब 11 बजे शुरू हुई मीटिंग तड़के चार बजे तक तक चली। इस दौरान एसपी ने थानावार अपराध की समीक्षा की। प्रत्येक थानेदार से उनके थाने में दर्ज मुकदमों की विवेचना की प्रगति जानी। कहा कि विवेचना करने में कोई हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। समय रहते अदालत में चार्जशीट दाखिल करें। उन्होंने कहा कि जो घटनाएं लंबित हैं उनका शीघ्र खुलासा किया जाए। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर दिया। कहा कि अभियान चलाकर वांछित और जिला बदर बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। जनता को बेहतर पुलिसिंग देने के लिए अपराध नियंत्रण बेहद जरूरी है। इसके लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने हसनपुर, डिडौली और गजरौली में हुई चोरी की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। तीनों इंस्पेक्टरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण कर बेहतर परिणाम दें अन्यथा कुर्सी का मोह छोड़ दें। इस दौरान एएसपी अजय प्रताप सिंह, सीओ कुलदीप सिंह कुकरेती समेत तमाम थानाध्यक्ष मौजूद रहे।