अमरोहा। दिल्ली बम धमाके के मामले में खुफिया एजेंसियों ने अमरोहा जिले के दो चिकित्सकों से पूछताछ की। कोई साक्ष्य न मिलने पर पूछताछ के बाद दोनों को घर भेज दिया है। दोनों चिकित्सकों ने फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। इन चिकित्सकों में एक महिला चिकित्सक हैं जो जोया में रहकर एमडी की तैयारी कर रही हैं, जबकि दूसरे चिकित्सक हसनपुर में क्लीनिक चलाते हैं।
दिल्ली बम धमाके के बाद फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने वाले डाॅक्टर खुफिया एजेंसियों के निशाने पर हैं। 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के सामने हुए बम धमाके में अमरोहा के दो लोगों की मौत हुई थी। घटना के आरोपी फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय के छात्र हैं। धमाकों के बाद खुफिया एजेंसी वहां पढ़ाई पूरी करने वाले अन्य चिकित्सकों से भी पूछताछ कर रही है। मुरादाबाद मंडल के कई चिकित्सक निशाने पर हैं। मुरादाबाद के तीन चिकित्सकों से पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार एटीएस ने जोया निवासी एक महिला चिकित्सक से भी पूछताछ की है। उन्होंने 2024 में अल फलाह विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी है। वह एमडी की तैयारी कर रही हैं। शुक्रवार को एटीएस ने महिला चिकित्सक से गहन पूछताछ की लेकिन कोई साक्ष्य न मिलने पर वापस घर भेज दिया है।
वहीं, हसनपुर क्षेत्र में क्लीनिक चलाने वाले एक अन्य चिकित्सक से भी पूछताछ की गई है। उन्होंने भी अल फलाह विश्वविद्यालय से एमबीबीएस किया था। वह क्लीनिक चलाते हैं। हालांकि दोनों चिकित्सकों से पूछताछ में कोई साक्ष्य नहीं मिला है। इससे राहत है। इस मामले में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने किसी भी प्रकार की जानकारी से इंकार किया है।