डिडौली (अमरोहा)। दिल्ली हाईवे पर रविवार रात दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मुरादाबाद के मूंढापांडे निवासी हिमांशु (17) की मौत हो गई जबकि रामपुर व संभल के तीन कांवड़िये घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया।
हिमांशु मुरादाबाद जनपद के मूंढापांडे थानाक्षेत्र के लालाटीकर निवासी संजय सिंह के बेटे थे। हिमांशु पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात हिमांशु रामपुर जिले के पटवाई थानाक्षेत्र के भय्यानगला निवासी आकाश के साथ गंगाजल लेने ब्रजघाट जा रहे थे। उनकी बाइक डिडौली कोतवाली क्षेत्र में पहुंची, तो सामने से आ रहे संभल जिले के असमोली थानाक्षेत्र के हरथला गांव निवासी विपिन कुमार की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
विपिन कुमार साथी शनि कुमार के साथ ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। टक्कर लगते ही दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक दूर जा गिरे। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। सूचना पर डिडौली पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को चौधरपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में हिमांशु को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। मुरादाबाद में इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने हिमांशु के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है।