पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 16 बाइक भी बरामद की है जिनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। एसपी ने टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है। पुलिस ने तीन दिन पहले भी चोरी की सात बाइक सहित तीन चोरों को पकड़ा था।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस कांवड़ यात्रा के मद्देनजर चेकिंग कर रही थी। इस बीच गांव गादीखेड़ा की मंढैया में श्मशान घाट में कुछ रोशनी दिखाई दी। वहां जाकर देखा तो तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस तीनों को थाने ले आई। पूछताछ में तीनों की पहचान बछरायूं थानाक्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी रोहित, प्रिंस व अंकुल के रूप में हुई। पूछताछ में तीनों ने बाइक चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की 16 बाइकें बरामद की।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दिल्ली, बिजनौर, अमरोहा आदि स्थानों से बाइक चोरी की थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि बाइक चोरी करते ही आरोपी उसकी नंबर प्लेट निकाल कर फेंक देते थे और चोरी की बाइक को श्मशान घाट में छिपा देते थे। तीनों आरोपियों पर बिजनौर व अमरोहा के कई थानों में चोरी सहित अन्य मुकदमे दर्ज हैं। संवाद