दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में गौरव (28) की मौत हो गई। जबकि, उसकी मां-बहन व तीन छात्र समेत पांच घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के बादशाहपुर मिलक निवासी संपतराम सिंह का पुत्र गौरव मजदूरी करता था। गौरव के परिवार में पत्नी अंजलि व दो बच्चे हैं। मंगलवार शाम गौरव बहन काजल के साथ मां अनीता की दवा लेने नौगांवा सादात जा रहे थे। तीनों एक बाइक पर सवार थे। जैसे ही बाइक अमरोहा-नौगांवा सादात रोड स्थित श्रीराम इंटर कॉलेज बादशाहपुर के सामने पहुंची, तो सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। जिसे पर थानाक्षेत्र के मिठनपुर गांव निवासी आमिर हमजा, सिरसा जट निवासी अमन व सोनू सवार थे। ये तीनों इंटर के छात्र हैं और ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे।
दोनों बाइकों के आपस में टकराते ही सभी बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से अमरोहा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। जबकि, गौरव की मां अनिता, बहन काजल और तीनों छात्रों का इलाज शुरू किया गया। बाद में डाॅक्टरों ने अमन व आमिर हमजा को हायर सेंटर को रेफर कर दिया। दोनों ही हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।