डिडौली पुलिस ने पैठ बाजार के पास दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छह किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। जिसकी बीमत बाजार में करीब चालीस हजार रुपये है। दोनों आरोपी गांजे की पुड़िया बना कर होटलों के आसपास लोगों को बेचते हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सोमवार की रात दरोगा धर्मपाल सिंह, विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तिवारी, कांस्टेबल सूरज कुमार, नासिर खान रात्रि गश्त कर रहे थे। अभी डीएनएस कॉलेज के पास थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि पैठ बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास दो युवक गांजे की पुड़िया बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए ठिकाने पर छापा मार दिया। पुलिस को देखकर दोनों युवक ने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम किशन गुप्ता और राजाराम सैनी निवासी डिडौली बताया। तलाशी के दौरान किशन गुप्ता के पास 3 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जबकि राजाराम सैनी के पास 3 किलो 100 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों से बरामद गाने से 100-100 ग्राम गांजे को सील कर जांच के लिए भेजा है। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन प्रभावित पदार्थ अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आरोपी गांजे की पुड़िया बनाकर होटलों के आस पास आने-जाने वाले व्यक्तियों को बेचते हैं। बरामद गांजे की कीमत बाजार में करीब 40 हजार रुपये है। यह लोग गांजा कहां से लेकर आते हैं और कौन-कौन इनके संपर्क में हैं। इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।