गजरौला। पुरानी रंजिश में अनुसूचित जाति के युवक संजय कुमार की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सरिया भी बरामद किया गया। दोनों का चालान कर दिया गया, जबकि तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
गांव पखरौला हाशमपुर निवासी संजय कुमार की शनिवार को दूसरे समुदाय के आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरियों से पिटाई की थी। घायल संजय ने रविवार सुबह करीब चार बजे दम तोड़ दिया था। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के तीन भाइयों, उनके पिता और जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
सोमवार दोपहर इंस्पेक्टर मनोज कुमार को सूचना मिली कि आरोपी कुमराला चौकी क्षेत्र में बाहर भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने दबिश देकर जुल्फेकार निवासी पखरौला हाशमपुर और उसके जीजा इमरान निवासी फरखना खुर्जा, बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि दोनों का चालान कर दिया गया है। मुखत्यार, उसका भाई इश्तेकार और पिता जब्बार अली फरार हैं।
पूर्व विधायक ने परिजनों को दी सांत्वना
संजय कुमार की हत्या के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात है। सोमवार को पूर्व विधायक हरपाल सिंह गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने भी परिजनों से मुलाकात की।
बेटों के आने पर हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम संजय का शव गांव पहुंचा, लेकिन दोनों बेटे बाहर नौकरी करते हैं। उनके इंतजार में अंतिम संस्कार नहीं हो सका। सोमवार को दोनों बेटों के पहुंचने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।