अमरोहा। जिले में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत 31 दिसंबर 2025 तक सार्वजनिक स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों को सुरक्षित और आकर्षक बनाया जाएगा। छत्र और बाउंड्रीवाल से रहित मूर्ति स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। आकर्षक रोशनी, लोगों के बैठने की व्यवस्था और मूर्ति के इतिहास से जुड़ा सूचना पट लगाया जाएगा।
शासन से इस संबंध में जिला समाज कल्याण विभाग को पत्र मिल चुका है। जिले में 51 मूर्तियां हैं, जिनका सर्वे कराया गया है। योजना के तहत मूर्तियों को मौसम, अतिक्रमण और उपेक्षा से बचाने के साथ आसपास हरियाली विकसित की जाएगी। मूर्तियों के ऊपर छत्र, प्लेटफार्म और लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण और लोगों में जनजागरूकता बढ़ाना है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन ने बताया कि शासन से पत्र मिल चुका है और मूर्तियों का सर्वे कराया जा रहा है। मूर्तियों के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ प्लेटफार्म और बैठने की व्यवस्था की जाएगी।