बिजली के तारों से टकराने के बाद हुई स्पार्किंग से टेक्सटाइल वेस्ट भरे ट्रक में आग लग गई, जिसने थोड़ी देर में ही विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने अपने सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू के प्रयास शुरू कर दिए। थोड़ी देर बाद ही पहुंची फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से उसको नियंत्रित कर लिया। हालांकि काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना में करीब एक लाख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है।
शहर की आवास विकास कालोनी के रहने वाले विजय ककरानिया की कुंदन मॉडल इंटर कालेज के पीछे गणपति टैक्सटाइल वेस्ट के नाम से फैक्ट्री है। गुरुवार की सुबह माल ट्रक में लादकर सुल्तानपुर के लिए जा रहा था। जैसे ही वह फैक्ट्री से बाहर निकला वैसे ही एक ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के फेर में बिजली के तारों से टकरा गया। इससे स्पार्किंग हुई और चिंगारी माल के ऊपर गिरते ही आग भड़की थी।
कुछ समय में ही उसने विकट रूप ले लिया। ट्रक में लदे माल में आग की लपटे निकलते देख लोगों ने शोर मचा दिया। चालक ने उसको रोक लिया। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने अपने सबमर्सिबल चलाकर उस पर नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घंटा भर की मेहनत कर उसने लोगों के सहयोग से पूरी आग पर काबू कर लिया।