अमरोहा। अनफिट स्कूली वाहनों को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के जिम्मेदार हरकत में है। अमर उजाला के अभियान जोखिम भरा सफर को संज्ञान में लेकर शनिवार को भी अधिकारी सड़कों पर रहे। चार स्कूली वाहनों को सीज कर दिया। जबकि, साथ के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा छह वाहनों की फिटनेस कराई गई है।
शनिवार को एआरटीओ महेश शर्मा, पीटीओ सुधीर सिंह और यातायात प्रभारी अनुज मलिक के नेतृत्व में अलग-अलग टीम ने डिडौली और गजरौला क्षेत्र में स्कूली वाहनों की चेकिंग की। टीम को देखकर चालक स्कूली वाहनों को छिपा कर खड़े करने लगे। जबकि, कई वाहन चालक अधिकारियों की गाड़ी देखकर भाग निकले। इस दौरान टीम ने कुल 11 वाहनों पर कार्रवाई की। इसमें चार स्कूली वैन, बस को सीज कर दिया। जबकि सात वाहनों के करीब 90 हजार रुपये के चालान किए गए हैं। एआरटीओ ने बताया कि अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर अनफिट, डग्गामार और खटारा वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। अगर किसी वाहन से हादसा होता है तो उसके जिम्मेदार स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य होंगे।