अमरोहा। जिले के लोगों को परिवार विभाग से संबंधित किसी भी तरह के बदलाव और योजनाओं की जानकारी बिना देरी के सोशल मीडिया के माध्यम से मिल सकेंगी। इसके लिए परिवहन विभाग अमरोहा एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर सक्रिय हुआ है। विभाग में सोशल मीडिया पेज पर अपनी जानकारियां शेयर भी करनी शुरू कर दी हैं। अब यात्री विभाग के एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक को टैग कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। विभागीय अधिकारी शिकायत का तुरंत संज्ञान लेंगे और निस्तारण करेंगे।
जिला 15 अप्रैल 1997 को स्थापित हुआ था। इसका मुख्यालय अमरोहा को बनाया गया। इससे पहले यह मुरादाबाद जिले का हिस्सा था। जिले में अमरोहा, धनौरा, हसनपुर व नौगांवा सादात तहसील हैं। जिला बनने के बाद एआरटीओ प्रशासन और एआरटीओ प्रवर्तन की तैनाती की गई। भले ही सरकार परिवहन विभाग से जुड़ी अधिकांश प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है लेकिन अमरोहा परिवहन विभाग फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर सक्रिय नहीं था।
तत्कालीन एआरटीओ प्रशासन बबीता वर्मा ने इसकी पहल की। इसके बाद अमरोहा परिवहन विभाग अब एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर सक्रिय हुआ। सरकार और विभाग की जानकारी को सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं। इसके अलावा हादसों की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। अगर कोई व्यक्ति फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स के माध्यम से जिले के परिवहन विभाग से जुड़ी शिकायत दर्ज कराएगा तो उसका भी विभाग के अधिकारी संज्ञान लेंगे और समस्या का निस्तारण कराएंगे।
अमरोहा परिवहन विभाग पहली बार इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर सक्रिय है। सोशल मीडिया के जरिए लोगों को विभागीय गतिविधियों के अवगत कराया जा रहा है। विभाग की कार्रवाई और दिशा-निर्देश इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर शेयर किए जाएंगे। अगर कोई इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर शिकायत दर्ज कराता है तो उनकी समस्या का निस्तारण भी कराया जाएगा। - महेश शर्मा, एआरटीओ प्रशासन