हसनपुर। ढबारसी क्षेत्र में विद्युत पोल पर ट्रांसफार्मर चढ़ाते समय हादसा हो गया। चेन टूटने से ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। इसके नीचे दबकर युवक की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि गजरौला थाना क्षेत्र के गांव शीशोवाली निवासी डालचंद का 25 वर्षीय बेटा प्रेमचंद गजरौला में बिजली विभाग के ठेकेदार अंडर कार्यकर्ता था। ट्रांसफार्मर की मरम्मत होने के बाद ट्रांसफार्मर को सम्बंधित स्थान पर ले जाने और वहां पर उसे लगवाने का काम करता था। इसी के तहत अपने कार्य को अंजाम देने के लिए प्रेमचंद सोमवार रात को आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव हयातपुर में गया था। यहां 25 केवीए का ट्रांसफार्मर विद्युत पोल के फाउंडेशन पर चढ़ाया जा रहा था। लोहे की चेन टूटने से ट्रांसफार्मर करीब 10 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। जिसके नीचे प्रेमचंद दब गया। बुरी तरह घायल प्रेमचंद को अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रेमचंद ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े हैं। थाना प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।