अमरोहा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को लेकर ट्रेन और बसों में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ रही। परीक्षा छूटने के बाद रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पहुंचे अभ्यर्थियों में सीट को लेकर आपाधापी के हालात बने रहे।
ट्रेनें और बसें भी खचाखच भरी हुई दिखाई दीं। चलती हुई रोडवेज बस और ट्रेनों में अभ्यर्थी मशक्कत करके बैठे। एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म पर पहुंची उसके तमाम कोचों में सैकड़ों परीक्षार्थी घुस गए। जिन यात्रियों का ट्रेन में रिजर्वेशन था, वह अपनी ही सीट से वंचित हो गए। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को लेकर किए गए सरकारी दावे फेल होते दिखाई दिए।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शनिवार को दोनों पालियों में कड़ी निगरानी के बीच कराई गई। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण पहले ही दिन इंतजामों की पोल खुल गई। अभ्यर्थियों की घर वापसी शुरू हुई तो रोडवेज बस अड्डे और अमरोहा जंक्शन पर भारी भीड़ उमड़ी पड़ी।
प्लेटफॉर्म पर ट्रेन में चढ़ने के लिए मारामारी की स्थिति रही। महिला अभ्यर्थियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई अभ्यर्थी आपातकालीन खिड़की से ट्रेन में घुसते दिखे। पहली पाली के बाद दूसरी पाली की परीक्षा खत्म होने पर भी यही स्थिति रही। जंक्शन पर जो ट्रेनें रुक रही थीं, अभ्यर्थी उसी में घुस जा रहे थे। जबकि परीक्षा को लेकर विशेष ट्रेन और रोडवेज बस चलाने के दावे किए गए थे। रोडवेज बसों से ट्रेनों की स्थिति खबर रही।