यूपी बोर्ड की परीक्षा में एक या दो विषय में असफल छात्र उत्तीर्ण होकर नए सत्र में प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा देनी होगी। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून है। परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
यूपी बोर्ड का परिणाम 25 अप्रैल को घोषित हुआ था। इसमें कम अंक आने या अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों से कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट के लिए आवेदन मांगे गए थे। इंप्रूवमेंट के अंतर्गत हाईस्कूल के परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में आवेदन कर सकते हैं। कंपार्टमेंट के अंतर्गत परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए दो विषयों में एक विषय की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए 256.50 रुपये का परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से जमा कराना होगा। जबकि, इंटर के लिए मानविकी, विज्ञान व वाणिज्यिक वर्ग से सम्मिलित हुए परीक्षार्थी एक विषय में कृषि भाग-1 व भाग-2 में निर्धारित विषयों में किसी एक प्रश्नपत्र व व्यवसायिक वर्ग के ट्रेड विषय में किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
इसके लिए 306 रुपये का आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके लिए आवेदन 19 मई से शुरू किए गए थे। परीक्षा मे शामिल होने के लिए आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। डीआईओएस वीपी सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए अभी तारीख की घोषणा नहीं की गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड द्वारा जल्द ही परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी।