छेड़खानी से तंग छात्रा ने स्कूल छोड़ा कक्षा बारह की छात्रा ने छेड़खानी से तंग आकर स्कूल जाना छोड़ दिया है। उसने अपने बहनोई और उसके दोस्तों पर स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर परेशान करने का आरोप लगाया है। छात्रा के पिता ने शिकायत की तो पुलिस ने तहरीर बदल दी। छात्रा ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो वायरल करके मुख्यमंत्री से इंसाफ की गुहार लगाई है।
ये मामला अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां की एक लड़की कक्षा 12 में पढ़ती है। आरोप है कि उसका जीजा और उसके तीन दोस्त स्कूल आते-जाते समय परेशान करते हैं। अनहोनी की आशंका से छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। उसे डर है कि आरोपी किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। दो दिन पहले जीजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर छात्रा के साथ छेड़खानी की थी। विरोध करने पर अपहरण करने की धमकी दी। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। छात्रा के आरोप के मुताबिक जब उसके पिता ने मामले की तहरीर थाने में दी, तो पुलिसकर्मियों ने तहरीर बदल दी। पीड़िता ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री से इंसाफ की गुहार लगाते हुए अपना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है।