गंगा किनारे लग रहे मेले के अति महत्वपूर्ण स्थल पर सेक्टर पांच में तिगरी मेला टेंट सिटी तैयार की जा रही है जिसका रकबा करीब दस बीघे से अधिक है। इसमें तीन श्रेणी में 100 से ज्यादा शिविर बनाए जाएंगे। इनमें कई अब तक तैयार होने के कगार पर हैं। प्रथम व द्वितीय श्रेणी के एक शिविर में दो फोल्डिंग पलंग या दो तख्त डाले जाएंगे। उस पर गद्दे बिछाए जाएंगे।
श्रद्धालु को ओढ़ने के लिए लिहाफ मिलेगा। इसके साथ ही शिविर में जमीन पर सोने के लिए भी इंतजाम किया जाएगा। ठहरने वाले श्रद्धालु के लिए नाश्ते, खाने का प्रबंध भी रहेगा। मेले में टेंट सिटी तैयार करा रहे शिवम गुप्ता का कहना है कि एक तंबू लाने का खर्च करीब 20 हजार रुपये आया है। इसलिए एक तंबू में ठहरने वाले श्रद्धालु से करीब 50 हजार रुपये लिए जाएंगे। टेंट सिटी के परिसर में ही इंडियन आइडियल के राहुल कुमार कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। जुगनू जादूगर का भी कार्यक्रम किया जाएगा। बृहस्पतिवार से टेंट सिटी में ठहराव शुरू हो जाएगा। एसडीएम विभा श्रीवास्तव का कहना है कि टेंट सिटी के लिए टेंडर निकला था जो मुरादाबाद के शिवम कुमार ने लिया है।
पूर्व में इस स्थान पर लगते थे श्रद्धालुओं के शिविर
सेक्टर पांच में जिस स्थान पर इस बार तिगरी गंगा मेला टेंट सिटी तैयार की जा रही है, उस स्थल पर कई साल से श्रद्धालुओं के शिविर लगते थे। किसान संगठन भी यहीं पर अपने तंबू लगाकर रहते थे। इस दस बीघे के रकबे में सैकड़ों श्रद्धालुओं के रुकने का इंतजाम हो जाता था। मगर जिला प्रशासन ने तिगरी मेला टेंट सिटी के लिए श्रद्धालुओं, किसान संगठनों के शिविर नहीं लगने दिए।