तिगरी को पर्यटन के नक्शे पर चमकाने और उसे विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत पर्यटन विभाग की टीम ने गंगा किनारे 15 एकड़ भूमि चिह्नित की है। जिस पर विभाग पर्यटन से जुड़े काम कराएगा। राजस्व विभाग की टीम से भी रिकॉर्ड मांगे गए हैं।
ब्लॉक मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर गंगा किनारे बसा तिगरी गांव कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा मेले के लिए प्रसिद्ध है। प्राचीन एवं ऐतिहासिक होने के कारण तिगरी को पर्यटन के नक्शे पर चमकाने के लिए काफी समय से कवायद चल रही है। इसके लिए विधायक राजीव तरारा ने प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से कई बार बात भी की है। पर्यटन मंत्री के निर्देश पर बरेली के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बीपी सिंह ने राजस्व विभाग से भूमि उपलब्ध कराने को कहा, जिस पर काम कराया जा सके। इसके बाद वह बीते दिनों टीम के साथ तिगरी में आए थे।
उन्हाेंने गंगा किनारे देखा था कि कहां पर काम कराए जाने हैं। पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए कितनी भूमि की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने 15 एकड़ भूमि का चयन किया था। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने बताया कि 15 एकड़ भूमि देख ली गई है। राजस्व विभाग से उसके रिकार्ड मांगे जा रहे हैं। जिससे यह पता चल सके कि उक्त भूमि पर कोई विवाद तो नहीं है।