जिले में जिला अस्पताल और छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। करीब 25 लाख की आबादी वाले जिले में थायराइड की जांच नहीं होती थी। हालत यह थी कि जिले के सरकारी और निजी अस्पताल में थायराइड मशीन नहीं होने के कारण जांच के लिए मुरादाबाद या मेरठ सैंपल भेजने पड़ते थे। इससे मरीजों काे समय और धन दोनों की भी बर्बादी होती थी। बाहर जांच कराने में मरीजों की मोटी रकम खर्च होती थी। अब इस समस्या से निजात मिल गई है। मरीजों को जिला अस्पताल में ही थायराइड जांच की सुविधा मिलेगी।
शासन से जिला अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए हार्मोन एनालाइजर मशीन आई थी। पिछले तीन माह से केमिकल होने के कारण मशीन चालू नहीं हो पाई थी। लेकिन, केमिकल आने के बाद मशीन चालू हो गई है। अब जिला अस्पताल में थायराइड, विटामिन डी और बी12 जांच निशुल्क शुरू हो गई हैं। डॉक्टरों की माने तो यह तीनों जांच निजी पैथोलॉजी लैब पर 300 ये लेकर 1200 रुपये तक में होती हैं।
यह जांच शुरू हुईं
जिला अस्पताल में थायराइड, विटामिन डी, बी12 की जांच नहीं हो पा रहीं थी। इसके कारण मरीजों को इन जांच के लिए निजी पैथोलॉजी लैब पर जाकर मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही थी। उसमें भी कई बार जांच उल्टी सीधी आती थीं लेकिन, जिला अस्पताल में यह तीनों जांच निशुल्क शुरू हो गई हैं।
सैंपल देने के तीन घंटे में मिलेगी रिपोर्ट
यदि शरीर में कोई असामान्य स्थिति महसूस होती है, तो जिला अस्पताल में पहुंचे और चिकित्सक से मिलें। जिसके बाद चिकित्सक द्वारा जांच के लिए लिखा जाएगा। अस्पताल में बने सैंपल कक्ष में पहुंचें और खून का सैंपल दें। इसके बाद सैंपल देने के तीन घंटे में रिपोर्ट दे दी जाएगी।
दो दिन में हुईं 150 जांचें
जिला अस्पताल में दो दिन पहले हॉर्मोन एनालाइजर मशीन चालू हुई थी। तब से अब तक 150 जांच हो चुकी हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने मरीजों को दवाईं देकर उपचार देना शुरू कर दिया है।
निजी पैथोलॉजी पर होने वाली जांच और रुपये
जांच निजी दाम
विटामिन डी 1200
विटामिन बी12 1000
थायराइड 300
- अस्पताल में विभिन्न जांच पहले से कराई जा रही थीं, लेकिन अब हॉर्मोन एनालाइजर मशीन भी चालू हो गई है। जिससे मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और निशुल्क जांच कराने में मदद मिलेगी।
- डॉ. प्रेमा पंत त्रिपाठी, सीएमएस