अमरोहा। जिले में कोरोना संक्रमित महिला समेत तीन की बुधवार को मौत हो गई। जबकि किशोर और चीनी मिल कर्मचारी समेत 19 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में 274 केस एक्टिव हो गए हैं। जबकि 44 लोगों ने कोरोना को हरा दिया है।
सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि मंगलवार को 533 आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई थी। जिसमें 13 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि ट्रूनेट और एंटीजन से 764 लोगों की जांच कराई गई है। इसमें 4 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि प्राइवेट लैब से 2 लोग संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में 13 वर्षीय किशोर, चीनी मिल कर्मचारी, व्यपारी, मजदूर शामिल हैं। वहीं कोरोना संक्रमित अमरोहा निवासी 65 वर्षीय महिला, 70 वर्षीय बुजुर्ग, और गजरौला निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक शवों का अंतिम संस्कार कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक अब तक 16683 लोग संक्रमित मिले थे। अब कुल 274 मरीज सक्रिय चल रहे हैं।