कोतवाली क्षेत्र के गांव तीसरा मिल व सिकरौली मिलक के बीच लिंक मार्ग पर बृहस्पतिवार रात बाइक सवार दंपती को बदमाशों ने निशाना बनाया। आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। साहस दिखाते हुए दंपती ने ग्रामीणों की मदद से एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि, दो भाग गए। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है।
हसनपुर क्षेत्र के गांव सिकरौली मिलक निवासी रिंकू बृहस्पतिवार को पत्नी पूजा के साथ आदमपुर के गांव माजरा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 8:30 बजे वह बाइक से पत्नी के साथ गांव लौट रहा था। तीसरा मिल से सिकरौली मिलक जाने वाले लिंक मार्ग पर पनीर की फैक्टरी के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने दंपती की बाइक को रुकवाया और आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और दंपती ने जेवर लूट लिए।
इसी बीच बाइक पर पीछे से दो अन्य ग्रामीण वहां पहुंच गए। रिंकू ने ग्रामीणों की मदद से साहस दिखाते हुए एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि, दो लूटा हुआ सामान लेकर भाग हो गए। कुछ देर में भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पहले बदमाशों को तलाशने की कोशिश की। वहीं, रात करीब 12 बजे ग्रामीण पकड़े गए बदमाश को लेकर थाने पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी दी।
- तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकड़े गए बदमाश हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर थानाक्षेत्र के गांव गढ मीरा रेता निवासी बबलू को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। अन्य दोनों बदमाशों की पहचान गढ मीरा रेता गांव के भूरे व सागर के रूप में हुई है। भूरे पर पहले से ही चार मुकदमे पंजीकृत हैं। जल्द ही भागे बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- दीप कुमार पंत, सीओ