अमरोहा। तीन दिन पहले सड़क हादसे में 17 वर्षीय बेटे एहतेशाम की मौत के बाद इलाज के दौरान पिता तसाबुल हसन (40) ने भी दम तोड़ दिया है। पिता-पुत्र की मौत के बाद परिवार के लोग सदमे में है। बृहस्पतिवार को तसाबुल हसन के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। पुलिस ने कार के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मूलरूप से नीलीखेड़ी गांव के रहने वाले तसाबुल हसन जोया के मोहल्ला पधानों वाले में अपने भाई पूर्व प्रधान मासूदुल हसन के पास मकान बनाकर रहते थे। तसाबुल हसन के परिवार में पत्नी शमा परवीन के अलावा चार बेटियां और एक बेटा एहतेशाम है। परिवार का इकलौता बेटा एहतेशाम कक्षा नौ पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक सोमवार की सुबह तसाबुल हसन एहतेशाम को लेकर नीलीखेड़ी गांव जा रहे थे। तसाबुल हसन बाइक चला रहे थे, जबकि एहतेशाम शाम पीछे बैठा था।
डिडौली में केनरा बैंक के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार डिवाइडर पर खड़े बिजली के खंभे से टकराकर मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर जाकर पलट गई थी। कार में चार युवक सवार थे, जो पलटी हुई कार से निकलकर भाग गए थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने एहतेशाम को मृत घोषित कर दिया था। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता तसाबुल हसन को रेफर कर दिया था। बुधवार की रात तसाबुल हसन को मृत घोषित कर दिया है।
सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।