रामपुर। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के आदेश पर तीन क्रिटिकल टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें विशेष रूप से मिलक, शहजादनगर और सिविल लाइंस थाना क्षेत्रों में काम करेंगी, जहां दुर्घटनाएं सबसे अधिक हुई हैं। एसपी सोमेंद्र मीणा ने इन टीमों का गठन किया है, जो ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त कार्य करेंगी।
रामपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में 154 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 94 लोगों की मौत हुई और 107 लोग घायल हुए। वर्ष 2026 में एक जनवरी से आठ मई तक 98 मौतें और 106 लोग घायल हो चुके हैं, जो चिंताजनक स्थिति दर्शाती है। मुख्यालय ने इन तीन थाना क्षेत्रों में रोज चेकिंग के आदेश दिए हैं।
प्रत्येक टीम में एक उप-निरीक्षक और चार आरक्षी शामिल होंगे। ये टीमें ट्रैफिक व्यवस्था, बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई करेंगी। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि ये टीमें थाना स्तर पर बनाई गई हैं। वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में रोज कार्रवाई कर रिपोर्ट मुख्यालय भेजेंगी। ट्रैफिक पुलिस अपनी पूर्व की भांति कार्य करती रहेगी।
जिले में दुर्घटनाओं का आंकड़ा-
वर्ष सड़क दुर्घटना घायल मौत
2024 142 98 97
2025 154 107 94
2026 (एक जनवरी से आठ मई तक) 157 106 98