गांव ढक्का में मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहे तीन बच्चों पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए जिन्हें सीएचसी ले जाकर एंटी-रैबीज का इंजेक्शन लगवाया गया है।
यह घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। गांव ढक्का में शाहनवाज का बेटा सयान (4), जुनेरा का बेटा नसीम उर्फ कलुआ (2) और जमशेद की बेटी आयशा (5) घर के बाहर खेल रहे थे। अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चों को नोचना शुरू कर दिया जिससे वह चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों का शोर सुन आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और बच्चों को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। हमले में तीनों बच्चे घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उनका परीक्षण कर एंटी-रैबीज का पहला इंजेक्शन लगाया। घटना से गांव में दहशत है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और वह अब बच्चों के लिए खतरा बन गए हैं। लोगों ने ग्राम पंचायत और स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाने और उन्हें पकड़वाने की मांग की है। पूर्व प्रधान मोहम्मद फारूक ने बताया कि प्रशासन को इस तरफ ध्यान देकर जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़वाना चाहिए। जिससे इस तरह की घटना दोबारा न हो सके।