अमरोहा। एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा वापस नहीं लेने पर दबंगों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के कैलशा निवासी भगवान सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव निवासी नेत्रपाल, महावीर, सोमपाल, ओम प्रकाश सैनी और रविंद्र उससे विवाद करते रहते हैं। नेत्रपाल दुष्कर्म के मुकदमे में अपील पर छूटा हुआ है।
आरोप है कि 6 नवंबर 2023 की सुबह सात बजे ओमप्रकाश के बेटे प्रदीप सैनी व रविंद्र के बेटे ने भगवान सिंह के बेटे अनिल को को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि प्रदीप सैनी के परिवार के लोग लगातार फैसले का दबाव बना रहे हैं।
26 मार्च 2025 किस चार बजे भगवान सिंह बुध बाजार कैलसा से घरेलू सामान लेने जा रहे थे। तभी कैलसा चौराहे के निकट आरोपियों ने रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। मुकदमे में फैसला नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। इस मामले में पीड़ित भगवान सिंह ने न्यायालय की शरण ली।
सीओ सिटी अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में विशेष सत्र न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट के निर्देश पर नेत्रपाल, महावीर, सोमपाल, ओम प्रकाश और रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।