अमरोहा। टूटी सड़क, जलभराव और गंदगी मोहल्ल दानिशमंदान की पहचान बन चुके हैं। वर्षों से टूटी मुख्य सड़क में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। प्रकाश व्यवस्था भी बदहाल है। नियमित सफाई न होने से गंदगी पसरी रहती है। बरसात में जलभराव होने से आवागमन में काफी दिक्कत होती है। लोगों का कहना है कि कई बार पालिका में सफाई कराने व सड़क बनवाने के लिए शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
नगर के वार्ड संख्या- 9 के मोहल्ला दानिशमंदान में समस्याओं का अंबार है। यहां पर लोगों ने कहा कि अमरोहा नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला दानिशमंदान में कई सालों से सड़क टूटी पड़ी है। सड़क बनवाने के लिए पिछले पांच वर्षों से भटक रहे हैं। नगर पालिका में कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी। टूटी नालियों से पानी बहने की वजह से सड़क पर गंदगी पसरी है। कहा कि नियमित रूप से मोहल्ले में सफाई नहीं होती, जिससे नालियाें में गंदगी अटी रहती हैं।
आरोप है कि मोहल्ले में करीब एक साल पहले लाइट लगाई गई थी, जो काफी दिनों से खराब पड़ी हैं। रात के समय में लोगों का अंधेरे में निकलना मुश्किल हो रहा है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द सड़क, नाली बनवाने व लाइट सही कराने की मांग की है। लोगों ने पालिका प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने की मांग की है।