अमरोहा। कोरोना के तीसरे लहर की आशंका के मद्देनजर शहर और देहात में निगरानी समिति को सक्रिय कर दिया गया है। समिति के सदस्य गांव और मोहल्ले के सेहत पर निगरानी रखेंगे। प्रशासन का दावा है कि बाहर से आने वाले लोगों पर विशेष नजर है। इसके अलावा गांव और मोहल्ले में कोई आशंकित व्यक्ति है तो उसका परीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए अधिशासी अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
जिले के छह विकास खंड में 597 ग्राम पंचायत और नगर पालिका और नगर पंचायतों में कुल 167 वार्ड हैं। कुल 764 निगरानी समितियों को दोबारा सक्रिय कर दिया गया है। डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि रात्रिकालीन कर्फ्यू को प्रभावी बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर मास्क जरूर लगा कर आए जाएं। दुकानदार ऐसे लोगों को सामान नहीं बेचें जो मास्क नहीं लगाए हो। उन्होंने कहा कि रात 11 से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू प्रभावी रहेगा, जिसमें कोविड ड्यूटी से जुड़े कार्मिक, पुलिस कर्मचारी और रात्रिकालीन उद्योग में काम करने वाले लोग आ जा सकते हैं। हालांकि इन लोगों को पहचान पत्र लेकर आना जाना होगा।