लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से लैस लोगों ने घर में घुसकर किसान और उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। ताबड़तोड़ वार कर सभी को लहूलुहान कर दिया। आरोपी घटनाओं का अंजाम देकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घटना से पहले आरोपी एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घायलों का इलाज चल रहा है।
नौगांवा सादात क्षेत्र के सैदपुर इम्मा गांव निवासी किसान बाबू का घर गांव से पश्चिम दिशा में है। आरोप के मुताबिक रविवार रात करीब 11 बजे छह लोग हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने बाबू, उनकी पत्नी बुंदिया, बेटा शहाबुद्दीन, शहाबुद्दीन की पत्नी अन्नो, छोटे बेटे कमरुद्दीन और बेटी मुरसेलिना के साथ मारपीट करके घायल कर दिया। उसके बाद आरोपियों ने बाबू के पड़ोस में रहने वाले नफीस, जहूर अहमद, नसरुद्दीन और रईस अहमद के घर में घुसकर भी मारपीट की।
घटना में बाबू, उनकी पत्नी बंदिया, बेटा शहाबुद्दीन, कमरुद्दीन, अन्नो, मुरसेलिना, जहूर अहमद का बेटा मेराज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुनील कुमार टीम के साथ पहुंचे। घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव में ही एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में लाठी डंडों से लैस छह लोग दिखाई दिए। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए सड़क पर जल रहे बल्ब को फोड़ दिया। जबकि, डंडा मारकर सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। हालांकि एक आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गांव में चर्चा है कि किसी ने यह घटना क्षेत्र में सांप्रायिक सौहार्द बिगड़ने के इरादे से की गई है।
- बाबू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों ने इस तरह घटना को अंजाम क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी व पीड़ित परिवारों के बीच कोई रंजिश तो नहीं है, इसकी भी जांच की जा रही है। - अवधभान भदोरिया, सीओ