अमरोहा। गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली के प्रभावी नियंत्रण के लिए सोमवार को डीसीओ ने क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसीओ ने चेतावनी दी कि घटतौली करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीसीओ मनोज कुमार ने सोमवार को ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के साथ असमोली चीनी मिल के क्रय केंद्र इकोंधा, जलालपुर दीवान, कुआं खेडा और जोजखेड़ा का औचक निरीक्षण किया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक धनौरा ने चीनी मिल वेव शुगर धनाैरा के क्रय केंद्र कुमराला, तिगरी गंगा, मोहरका पट्टी बी, खेड़की खादर, टोकरा पट्टी व क्रय केंद्र पतेई का निरीक्षण किया।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गजरौला ने सहकारी चीनी मिल गजरौला, हसनपुर के क्रय केंद्र रहमापुर खालसा, सदरपुर, हफिजपुर, दादूपुरा, कूबी और क्रय केंद्र तेलीपुरा द्वितीय तथा त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर के क्रय केंद्र कबी बी का औचक निरीक्षण किया।
दिनभर में कुल 20 क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। डीसीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं सही पाई गईं। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रों पर घटतौली पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिले में 10 शुगर मिलों के 321 गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों के गन्ने की खरीद की जा रही है।