अमरोहा। थाना क्षेत्र के गांव चुचैला कलां में एक ग्रामीण के खेत में बनी हौज में एक वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। शव की शिनाख्त नहीं होने पर पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया गया। जहां, सोमवार की देर शाम को परिजनों ने शव की पहचान की ।
गांव निवासी शकील के खेत में बनी पानी की हौज में सोमवार की सुबह ग्रामीणों को एक वृद्ध का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। शव को हौज से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतक के परिजनों को जैसे ही शव मिलने की सूचना मिली तो वह मोर्चरी पहुुंच गए। मृतक के भाई प्रीतम सिंह ने शव की शिनाख्त भाई रामप्रकाश के रूप में की है। मृतक के भाई ने बताया कि रामप्रकाश रविवार की शाम चार बजे से लापता थे। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।