चोरी के बाद क्रिकेट कोच के घर में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : JPNAGAR
जोया(अमरोहा)। जोया के मोहल्ला चौधरियान में चोरों ने दिनदहाड़े क्रिकेट कोच के घर के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात सहित ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मूलरूप से हल्द्वानी निवासी चमन सिंह पुत्र छत्र सिंह डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के क्रिकेट कोच हैं। वह नगर के मिनी स्टेडियम में बच्चों को क्रिकेट के टिप्स देते हैं। पिछले दस वर्षों से पत्नी कामिनी के साथ जोया के मोहल्ला चौधरीयान में रहते हैं। उनकी एक बेटी भी है। सोमवार को चमन सिंह स्टेडियम में मौजूद थे। करीब दो बजे उनकी पत्नी मोहिनी अपनी बेटी के साथ बाजार से सामान खरीदने चली गईं। इसी बीच चोरों ने घर के ताले तोड़ लिए। अलमारी में रखी 26 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। करीब पांच बजे पत्नी और बेटी बाजार से घर पहुंचीं तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की जानकारी क्रिकेट कोच चमन सिंह को दी। थोड़ी ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। पीड़ित ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दिनदहाड़े चोरी की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।