नौगांवा सादात। गांव खेड़का में रास्ते के विवाद में दबंगों ने मोनिस को घर से निकाल कर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया। आरोपियों ने बचाव में आए उसके परिजनों को भी पीटा। पुलिस ने चार सगे भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के खेड़का गांव में किसान गनी का परिवार रहता है। उनके बेटे फिरोज का आरोप है कि रास्ते के विवाद को लेकर गांव निवासी इब्राहिम, नईम, फहीम, वसीम और अशरफ गालियां देते हैं। 27 जुलाई की दोपहर 12:30 बजे आरोपी लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए। आरोपी उनके चचेरे भाई मोनिस को घर से खींचकर बाहर ले गए और उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे मोनिस लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बचाव में आई मोनिस की मां नूर आसमा और फिरोज के पिता गनी को भी लाठी-डंडों से पीटा। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में इब्राहिम, नईम, फहीम, वसीम और अशरफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।