अमरोहा। चोरी करने के इरादे से घर में घुस रहे युवक को परिवार के लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। पकड़े गए आरोपी की जमकर पिटाई की गई। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया है।
मोहल्ला मायापुरी निवासी प्रेमनाथ, बेटे ओमकार व भांजे के साथ रविवार की रात्रि साढ़े 11 बजे आंगन में सो रहा था। मौका पाकर एक चोर दीवार के जरिए घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी प्रेमनाथ व उसके बेटे और भांजे की आंख खुल गई। चोर नशे की हालत में था, इस कारण वह दीवार से नीचे गिरकर घायल हो गया। ग्रामीण के परिवार ने उसे पकड़ लिया, लेकिन उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। ग्रामीणों ने चोर की जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और सीएचसी में भर्ती कराया। उसने अपना नाम अरुण निवासी धुनपुरी गजरौला बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है।