जोया रोड स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर गमजदा खड़े मृतक रोहित के परिजन। संवाद
अमरोहा। डीजे बजाने घर से निकले रोहित (23) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो युवक रोहित के शव को जिला अस्पताल में छोड़कर भाग गए। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। सुरक्षा के लिहाज से तीन थानों का फोर्स बुला ली गई। एसपी अमित कुमार आनंद और एएसपी अखिलेश भदोरिया ने भी मुआयना किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हादसे में मौत की बात सामने आई है।
रोहित अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेहम्मदी सराय के रहने वाले मनोज कुमार के बेटे थे। रोहित छह भाई बहनों में चौथे नंबर का था और डीजे बजाने का काम करता है। परिजनों के मुताबिक जोया निवासी अर्जुन भी डीजे पर काम करता था।
रविवार की दोपहर दोस्तों के कहने पर रोहित डीजे बजाने के लिए घर से नौगांवा सादात के अकबरपुर पट्टी गए थे। देर शाम परिजनों ने फोन पर रोहित से बात की थी तो उसने जल्दी घर आने की बात कही थी। इसके बाद रोहित घर नहीं लौटा।
रात करीब नौ बजे मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिली कि रोहित का एक्सीडेंट हो गया है और वह जिला अस्पताल में है। परिजन तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे तो यहां रोहित का शव मिला। परिजनों को डॉक्टरों से पता चला कि बाइक सवार पिंटू और उसका साथी रोहित को अस्पताल में छोड़कर गए थे। रोहित के सीने में दाईं ओर छेद बना हुआ है, जबकि उसके पैर पर भी चोट लगी हुई है। इसके बाद परिजनों ने रोहित की हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार आनंद और एएसपी अखिलेश भदोरिया, सीओ अभिषेक यादव और अवधभान भदोरिया मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के लिहाज से नगर कोतवाली, पुलिस देहात थाना और नौगांवा सादात पुलिस को भी बुला लिया गया। इस दौरान पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर शांत कराया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।