कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहे तिगरी गंगा मेले में मनोरंजन का सामान लेकर लोग कई दिन से आ रहे हैं। रविवार को मौत का कुआं तैयार किए जाने लगा। रोशनी के लिए सदर चौक पर लाइट लगा दी गई।
तिगरी में गंगा की रेती में लग रहे मेले की तैयारियों में तेजी आई। सड़क बनाने, उस पर कांस बिछाने, सेक्टर बनाने का काम जोर पर चल रहा था, जो रविवार तक पूरा हो गया। बिजली विभाग का ठेकेदार अपना सामान लेकर आ गया। उसने रोशनी के लिए सदर चौक पर लाइट भी लगा दी। मेले में मनोरंजन के लिए आए मौत के कुआं को तैयार किया जाने लगा। उसके कर्मचारी दिन भर काम करने में लगे रहे। झूले को भी तैयार करने में उसके कर्मचारी लगे रहे।
एडीएम वित्त और एसडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
उधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व ब्रजेश कुमार तिवारी व एसडीएम चंद्रकांता ने मेले स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। ठेकेदार को हिदायत दी कि जल्द से जल्द काम पूर्ण कराए। तहसीलदार को मेला स्थल पर खड़ी शकरकंद की फसल जल्द से कटवाने के निर्देश दिए। जिससे सेक्टर बनाने का काम किया जा सके। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि सड़क का काम पूर्ण हो चुका है। एसडीएम ने बताया कि इस बार मेले में 21 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। जिससे श्रद्धालुओं को तंबू आदि लगाने में दिक्कत न हो। मेले का आकार बीते साल जैसा ही है। उसमें अधिक अंतर नहीं है।
अभी घाटों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं, ईओ को निर्देश
कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहे तिगरी गंगा मेले में स्नान घाटों की सफाई का जिम्मा तीन नगर पालिकाओं को सौंपा गया है। मगर रविवार शाम तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं पाई गई। जिसके चलते एसडीएम चंद्रकांता ने तीनों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए।