गजरौला में सेंटमेरीज कान्वेंट स्कूल के गेट पर हंगामा करते अभिभावक और अभाविप पदाधिकारी।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला। सेंटमेरीज कान्वेंट स्कूल में कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए तीन माह की फीस वसूले जाने को लेकर पनपा विवाद जारी है। अभिभावकों के साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने वहां पहुंचकर हंगामा किया। उनकी स्टाफ से भी नोकझोंक हुई। इससे पूर्व गुस्साए कार्यकर्ताओं ने स्कूल के गेट पर रस्सी बांध दी और वहीं धरना देकर बैठ गए। वहां पहुंचे एसएसआई ने उन्हें समझाकर वहां से हटाया। इस दौरान फिर से कई बार दोनों ओर से गहमागहमी हुई।
बुधवार को सुबह दस बजे अभाविप के प्रदेश सहमंत्री विपिन सागर के नेतृत्व में कार्यकर्ता सेंटमेरीज कान्वेंट स्कूल के गेट पर जा पहुंचे। स्टाफ द्वारा भीतर जाने से रोकने पर उन्होंने गेट पर रस्सी बांध दी और बाहर ही धरना देकर बैठ गए। इस दौरान स्कूल प्रबंधन पर छात्रों और अभिभावकों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की। वहां आए अभिभावकों ने भी अभाविप कार्यकर्ताओं का समर्थन किया। इनका कहना था कि उनके बच्चों के कक्षा 11वीं में प्रवेश के नाम पर तीन माह की फीस वसूली जा रही है। जो कि सरासर गलत है। वहां गेट के बाहर ही काफी हंगामा भी हुआ। वहीं सूचना मिलने पर एसएसआई प्रमोद कुमार पाठक भी वहां जा पहुंचे। उनकी भी छात्र नेताओं से काफी नोकझोंक हुई। इसी बीच अभिभावक भी वहां आ गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर ही गंभीर आरोप लगाए। बाद में स्कूल के भीतर अभाविप के पदाधिकारियों और अभिभावकों के साथ ही पुलिस की मौजूदगी में स्कूल की ऑफिस इंचार्ज रीमा से हुई वार्ता में तय हुआ कि किसी भी पर भी फीस के लिए अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाएगा। साथ ही शासन से फीस माफी का पत्र आने पर वसूली गई फीस को समायोजित कर दिया जाएगा। वहीं अभाविप के सहमंत्री विपिन सागर ने कहा कि यदि स्कूल प्रबंधन ने फिर से किसी का शोषण किया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर भास्कर चौहान आदि भी रहे।