मंडी धनौरा (अमरोहा)। शेरपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर टायर व डीजल की टंकी फटने से एक ट्रक में आग लग गई। चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। दुकान के बाहर बनी झोपड़ी भी आग की चपेट में आ गई। आग की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक ट्रक का काफी हिस्सा जल चुका था।
विज्ञापन
सोमवार दोपहर गांव मुकारी समरपाल सिंह ट्रक लेकर विपणन शाखा के गोदाम से गेहूं भरने आया था। पंजाब नेशनल बैंक से गोदाम की ओर मोड़ने पर ट्रक का टायर फट गया, इसके बाद डीजल की टंकी भी फट गई। जिससे ट्रक में आग लग गई। देखते देखते ट्रक में लपटें निकलने लगी। ट्रक में लगी आग से रेत-बजरी के व्यापारी श्याम प्रजापति की दुकान के बाहर बनी झोपड़ी भी जल गई। ट्रक चालक ने केबन से कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास रहने वाले लोगों ने आग पर काबू पाया।