मंडी धनौरा (अमरोहा)। गांव कौराला में खेल मैदान से अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गईं। कब्जेदारों के विरोध के चलते टीम को वापस लौटना पड़ा। हालांकि राजस्व विभाग ने कुछ भूमि से कब्जा हटवाने की बात कही है।
क्षेत्र के गांव कौराला के लोगों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर खेल के मैदान की आठ बीघा भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया था। एक माह पहले गांव के युवाओं ने भी समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया था। शुक्रवार की दोपहर बाद राजस्व विभाग की टीम पुलिस के साथ गांव पहुंची। राजस्व अधिकारियों ने जेसीबी से कब्जा हटाना शुरू किया। इस पर कब्जेदारों ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गईं। पुलिस ने महिलाओं को हटाने का प्रयास किया। लेकिन भारी विरोध के चलते पूरी भूमि कब्जा मुक्त नहीं हो पाई।
एसडीएम शैलेशु दुबे ने बताया कि खेल मैदान की भूमि खाली करा ली गई है। उन्होंने बताया कि शेष भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए मंगलवार को गांव में टीम जाएगी। कब्जा खाली करने का विरोध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।