दहेज की मांग पूरी न होने पर मंगेतर और उसके परिवार वालों ने बरात लाने से इन्कार कर दिया। 17 अप्रैल को शादी होनी थी। पुलिस ने मंगेतर समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने अपनी बेटी की शादी मुरादाबाद जिले में कुंदरकी क्षेत्र के गाजीपुर निवासी आमिर के साथ तय की थी। आमिर किसान के बेटे का दोस्त था, वह तीन साल से घर आता जाता था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद शादी तय हुई थी। करीब आठ महीने पहले किसान की बेटी और आमिर की सगाई हो गई। 17 अप्रैल को बरात आनी थी।
परिवार वालों ने शादी के कार्ड भी छपवा कर बांट दिए। लेकिन, अब आमिर और उसके परिवार वाले दहेज की मांग करने लगे। दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग करते हैं। किसान ने दहेज देने से मना किया तो उन्होंने बरात लाने से इनकार कर दिया। गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने आमिर, सहाना, हाजी इकबाल, शाने आलम और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।