अमरोहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्त होने में महज एक दिन शेष हैं, ऐसे में जिले के सरकारी विभागों में बिल पास कराने और बजट खर्च करने की दौड़ तेज हो गई है। विभागों द्वारा तेजी से बिल तैयार कर कोषागार भेजे जा रहे हैं, ताकि 31 मार्च तक सभी भुगतान सुनिश्चित किए जा सकें और कोई भी धनराशि लैप्स न हो।
जानकारी के अनुसार जिले के कई विभागों के पास अभी भी करोड़ों रुपये का बजट शेष है। नगर पालिकाओं पर 15वें वित्त आयोग का करीब पांच करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग के खाते में लगभग तीन करोड़ रुपये बचा होने की चर्चा है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, जिला विकास कार्यालय और क्रीड़ा विभाग समेत अन्य विभागों में भी बड़ी धनराशि खर्च होना बाकी है। बताया जा रहा है कि विकास कार्यों के लिए मिले बजट का समय से उपयोग नहीं हो सका, जिससे अब अंतिम समय में कार्यों के आवंटन और स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। अधिकारी कोशिश में जुटे हैं कि अधिक से अधिक बजट खर्च कर लिया जाए, ताकि धनराशि वापस शासन को न लौटे। अधिकारियों ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लंबित बिलों को तुरंत तैयार कर ट्रेजरी में प्रस्तुत किया जाए और सभी औपचारिकताएं समय से पूरी कर ली जाएं। खास बात यह है कि 31 मार्च को अवकाश होने के बावजूद कोषागार और बैंक खुले रहेंगे, ताकि भुगतान प्रक्रिया बाधित न हो। अधिकारियों के अनुसार यह प्रयास किया जा रहा है कि विकास कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि का अधिकतम उपयोग हो सके और योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचे।