अमरोहा। जिले से संभल को जोड़ने वाले करीब 9.5 किमी लंबे जोया-संभल मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने 5.5 मीटर चौड़े इस मार्ग के चौड़ीकरण व नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। पीडब्ल्यूडी अफसरों के मुताबिक प्रस्ताव को जल्द शासन की मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
जिले की जर्जर हाल सड़कों की हालत सुधारने की कवायद जारी है। अब जिले से संभल को जोड़ने वाले वर्षों से खस्ताहाल जोया-संभल मुख्य जिला मार्ग पर सफर की राह आसान होने की उम्मीद जगी है। करीब 9.5 किलोमीटर लंबा और 5.5 मीटर चौड़ा मुख्य जिला मार्ग फिलहाल जर्जर हालत में है। मार्ग पर बने गहरे गड्ढे लोगों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। जगह-जगह उखड़ चुके मार्ग पर सफर की राह दुश्वार हो गई है। बारिश के बाद मार्ग पर पानी भरने से हादसों का डर बना रह है। एक्सईएन निर्माण खंड गिरीश कुमार ने बताया कि जोया-संभल मार्ग क चौड़ीकरण का शासन को प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।