फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: अमरोहा के विकास की नई गाथा लिखेगा नया साल

Wed, 01 Jan 2025 02:24 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा।
विज्ञापन

नया साल जिले के विकास की नई गाथा लिखेगा। साल दर साल तरक्की की इबारत लिख रहा अमरोहा इस साल और रफ्तार पकड़ेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे पर जहां वाहनों की सरपट शुरू होगी, वहीं हसनपुर को भी अपनी तहसील के लिए नया भवन मिल जाएगा। युवाओं के स्टेडियम में बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण की प्रक्रिया भी इस माह शुरू हो जाएगी, जहां खिलाड़यों का इंडोर गेम में अपना हुनर निखारने का माैका मिलेगा। इसके अलावा जल जीवन मिशन का काम भी इस साल पूरा होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर यह साल अमरोहा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
गंगा एक्सप्रेस-वे से मिलेगी विकास को रफ्तार
मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी के साथ चल रहा है। जिले में 23.6 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे पिपलौती से शुरू होकर जिले में पाडली तक जाता है। नए साल में हाईवे से वाहनों को दौड़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से जिले के विकास को रफ्तार मिलेगी। अब मंगरौला में फ्लाईओवर बन रहा है। यह नए साल में पूरा होने की संभावना है। पांच अंडरपास पहले ही तैयार हो चुके हैं। मंगरौला में फ्लाईओवर बनते ही जिले में एक्सप्रेस-वे का कार्य पूरा हो जाएगा। एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की सरपट दाैड़ जनपदवासियों के लिए बड़ी साैगात होगी।
विज्ञापन

स्पोर्ट्स स्टेडियम को मिलेगी बहुउद्देशीय हॉल की सौगात
मालीखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में बनने वाले बहुद्देश्यीय हॉल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर इसके निर्माण की कवायद शुरू की जाएगी। डीपीआर तैयार न होने से इसके निर्माण की शुरू नहीं हो सका था। हॉल के बनने से युवाओं को कई इंडोर खेलों की सुविधाएं भी मिल सकेंगी। इसके लिए 7.76 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इंडोर खेलों के तहत हॉल में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, हैंडबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, टेनिस, कुश्ती आदि खेलों का आयोजन किया जा सकेगा। एक खेल के बाद किसी दूसरे खेल के लिए कोर्ट को तुरंत ही बदलने में भी आसानी होगी। जिससे खिलाड़ियों को परेशानी भी नहीं होगी और समय की बचत भी होगी। जनवरी माह से ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्र में रेलवे लाइन पर 91 करोड़ से बनेगा ओवरब्रिज
गजराैला में औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के आवागमन को सुगम करने, फेज-2 और फेज-3 की फैक्टरियों को जोड़ने के लिए दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर 91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज काे मंजूरी मिली है। इतना ही नहीं यूपीसीडा ने ओवरब्रिज के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम की गाजियाबाद इकाई को कार्यदायी संस्था बना दिया गया है। जिसने चार लेन के ओवरब्रिज का प्रस्ताव तैयार किया। नए साल में ओवरब्रिज बनाए जाने का काम शुरू हो सकता है। इसके बन जाने से हाईवे से धनौरा, चांदपुर, बिजनौर की दूरी कम होगी। नगर में जाम नहीं लगेगा। जल्द ही इस पर भी काम शुरू हो जाएगा।
हसनपुर को मिलेगा अपना तहसील भवन
हसनपुर के करनपुर माफी में बनाए गए तहसील भवन और आवासी भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसका संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है। नई तहसील का निर्माण कार्य लगभग 9.50 करोड़ रुपए की लागत से कराया गया है। इसमें लगभग कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
दौरारा में शुरू होगा फायर स्टेशन का निर्माण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के पांच साल बाद हसनपुर तहसील क्षेत्र के दौरारा में फायर स्टेशन भवन निर्माण का काम जल्द शुरू होगा। शासन ने भवन निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। जिनमें तीन करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था विश्व बैंक खंड लोक निर्माण विभाग मुरादाबाद मंडल को मुहैया करा दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया की तैयारी है। दौरारा गांव में दो यूनिट का फायर स्टेशन बनाया जाएगा। फायर स्टेशन के लिए रहरा थाने के निकट 0.427 हेक्टेयर भूमि देखी गई है।
रहरा में तैयार हुआ थाने का भवन
रहरा में थाने का भवन बनकर तैयार हो गया है। नए साल में थाना अपने नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगा। अब तक रहरा थाना अस्थाई भवन में संचालित किया जा रहा था।
विज्ञापन

मिलेगी अपनी रिजर्व पुलिस लाइन
जिले के गठन के लिए 27 साल बाद अमरोहा को अपनी रिजर्व पुलिस लाइन भी मिल जाएगी। जाेया रोड पर 288 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया जा रहा है। अक्तूबर 2025 तक इसके निर्माण की उम्मीद है। फिलहाल मंडी समिति में किराए के भवन में पुलिस लाइन का संचालन किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें