संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। माता रमा बाई आंबेडकर सेवा समिति की अध्यक्ष सविता गौतम ने डीएम राजेश कुमार त्यागी को ज्ञापन देकर जिले का नाम पुनः ज्योतिबा फूले नगर करने की मांग की है।
डीएम को ज्ञापन देकर सविता गौतम ने कहा कि अमरोहा शहर अपने प्राचीन इतिहास के लिये जाना जाता रहा है। बसपा सरकार ने 15 अप्रैल 1997 को अमरोहा को अलग जिला बनाते हुए सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर इसका नाम ज्योतिबा फूले नगर रखा। लेकिन बाद में सपा सरकार ने जिले का नाम बदल दिया। उनकी मांग है कि जिले का नाम पुनः ज्योतिबा फुले के नाम पर रखा जाए।
उधर, जज्बा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम सदर सुधीर कुमार को ज्ञापन देकर जिले का नाम अमरोहा रहने पर जोर दिया। साथ ही न बदलने की मांग की है। फाउंडेशन के अध्यक्ष इकबाल खान ने कहा कि अमरोहा एक ऐतिहासिक नाम है। अमरोहा का आम पूरी दुनिया में अलग-अलग देशों में जाता है। पूरी दुनिया में अमरोहा से जुड़े हुए लोग अमरोही होने पर फक्र महसूस करते हैं। इस दौरान खलील अहमद साबरी, साजिद मंसूरी, अफजल खान आदि मौजूद रहे।
-