हसनपुर के पूठ गंगा धाम पर दुग्धाभिषेक कर मेले का शुभारंभ करते विधायक महेंद्र खड़गवंशी।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर पूठ गंगा धाम पर लगने वाले भव्य मेले का विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने बुधवार शाम को स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घाट पर विधिवत पूजा अर्चना एवं गंगा में दुग्धाभिषेक कर शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। गंगा में पहली धार पर ही श्रद्धालु स्नान करेंगे। यहां पानी की गहराई भी ज्यादा नहीं है। महिलाओं के स्नान के लिए अलग घाट रहेगा। यहां पर उनके कपड़े बदलने के लिए टेंट एवं अस्थाई शौचालय की भी व्यवस्था रहेगी। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
क्षेत्र के तरौली निवासी रागिनी कलाकार मनोज नागर एंड पार्टी द्वारा रागिनी कंपटीशन का आयोजन होगा। जिसका मेले में आने वाले श्रद्धालु लुत्फ उठा सकेंगे। इस मौके पर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीशचंद पांडेय, कोतवाल पीके चौहान, तहसीलदार अभय सिंह, व्यापारी सुरक्षा फोरम के अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, लवकेश महंत, प्रधान करनपाल खड़गवंशी, सोनू नागर, देवेंद्र खड़गवंशी आदि मौजूद रहे।