बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक से 23 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। गांव पहुंचकर युवक ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। घटना के बारे में मस्जिद से भी ऐलान किया गया। ग्रामीणों ने बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। घटना सोमवार रात बछरायूं से इस्लामनगर जाने वाले मार्ग की है।
गांव इस्लामनगर निवासी युनूस ने अपने घर में कुछ निर्माण कार्य कराया था। मजदूरों और निर्माण सामग्री वालों का भुगतान करने के लिए वह सोमवार दोपहर नौगांवा सादात निवासी बहन से रुपये लेने गया था। युनूस ने बताया कि बहन से 23 हजार रुपये उधार लेकर वह शाम को बाइक से गांव लौट रहा था। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह बछरायूं से आगे गांव की ओर जा रहा था। गांव से कुछ दूर पहले चार बदमाशों ने उसको रोक लिया और उससे 23 हजार रुपये लूट लिए।
विरोध करने पर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की गई। जिससे युनूस घायल हो गया। वहीं, बदमाश मौके से भाग गए। युनूस ने गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने खेतों में बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। युनूस ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। वहीं सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि प्रथमदृष्टया लूट का मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है।