गजरौला (अमरोहा)। लखनऊ प्रकरण से विद्यार्थियों की सुरक्षा का सवाल उठने के बाद एमडीए के प्रवर्तन दल ने शनिवार को चार कोचिंग सेंटर, दो लाइब्रेरी, एक अस्पताल समेत आठ भवन को सील कर दिया। कोचिंग सेंटर व लाइब्रेरी में आने-जाने के लिए बने रास्ते बेहद संकरे थे, जबकि अंदर छात्रों की संख्या अधिक थी। बेसमेंट में बिना नक्शा पास हो रहे निर्माण को भी सील किया। एमडीए के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि प्रवर्तन दल के प्रभारी राजीव गोविल के नेतृत्व में टीम ने शनिवार शाम करीब चार बजे गजरौला में बिना मानक अवैध रूप से संचालित कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियों पर कार्रवाई की। बेसमेंट में हो रहे निर्माण का एमडीए से नक्शा पास नहीं होने के कारण सील किया गया।
इसके बाद टीम ने युग हॉस्पिटल, ब्रिटिश इंग्लिश स्पीकिंग सेंटर, अमेरिकन इंगलिश स्पीकिंग सेंटर, मिशन कोचिंग सेंटर, ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, रामा लाइब्रेरी एवं हाईटेक कम्प्यूटर सेंटर को सील किया। एक भवन पर पुरानी सील हट गई थी, उस पर दोबारा सील लगाई गई।