अमरोहा। लॉकडाउन की अवधि 17 मई की सुबह तक है। इस अवधि में लोगों का घरों से निकलने पर रोक है। प्रदेश सरकार ने राशन की सामानों की होम डिलीवरी के निर्देश दिए हैं लेकिन दो दिनों में भी शहर में होम डिलीवरी करने वाले दुकानदारों की सूची जारी नहीं हो सकी है। इसके चलते शहर के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है उन्हें कुछ सूझ नहीं रहा है सामान कैसे मंगाएं। एसडीएम ने दावा किया है कि वर्ष 2020 में होम डिलीवरी करने वाले दुकानदारों की सूची की पड़ताल की जा रही है। लोगों के लिए मंगलवार को सूची जारी कर दी जाएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन के निर्देश दिए हैं। इसके चलते 17 मई की सुबह सात बजे तक लॉकडाउन है। इस अवधि में लोगों का घरों से निकलना प्रतिबंधित है केवल मेडिकल स्टोर्स और दूध की दुकानें खुल रही हैं। वहीं फल और सब्जियों को मोहल्ले में ठेले पर बेच रहे हैं। इससे लोगों को राहत मिल रही है हालांकि आटा, चावल, दाल और राशन के अन्य सामान नहीं मिल रही है। बाजार की दुकानें बंद हैं। इसके चलते शहर के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। अब प्रशासन का दावा है कि 11 मई को होम डिलीवरी करने वाले दुकानदारों की सूची जारी करेंगे। ऐसे में आज को छोड़ दिया जाए तो लॉकडाउन में चार और दिन और शेष रहेंगे। सरकार ने लॉकडाउन में बढ़ोत्तरी नहीं की तो महज चार दिन के लिए होम डिलीवरी कर सकेंगे।
दुकानदारों की सूची पिछले वर्ष के अनुसार रहेगी। तहसील प्रशासन के पास होम डिलेवरी करने वाले दुकानदारों की सूची है। सुनील कुमार, अभिहीत अधिकारी, खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन
दुकानदारों की सूची तैयार हो रही है। वर्ष 2020 में जारी सूची के दुकानदारों को अनुमति मिलेगी। होम डिलेवरी करने वाले दुकानदारों की सूची 11 मई को जारी कर देंगे। विवेक यादव, एसडीएम