अमरोहा। प्रॉपर्टी डीलर हरिश्चंद्र को पहली गोली पीछे से तो दूसरी गोली सामने से मारी गई थी, जो सीना चीर कर पार हो गई थी। हरिश्चंद्र की हत्या रविवार की रात आठ से 10 के बीच की गई थी। पेट में अधपचा खाना मिला, इसका तात्पर्य है कि खाना खाने के बाद पीछे से गोली मारी गई। इसके बाद सामनेे आकर सीने में गोली दाग दी। इस मामले में परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर कराई है। वहीं पुलिस संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। नामजद आरेेपियों में एक भी भूमिका बेहद संदिग्ध पाई गई है। पुलिस जल्द ही खुलासा कर सकती है।
रविवार की रात नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा गुलाम अली निवासी प्रॉपर्टी डीलर हरिश्चंद सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह जमीनी विवाद सुलझाने के लिए घर से निकले थे। हत्यारों ने उनके शरीर में दो गोली दागकर मौत के घाट उतार दिया था। परिजनों का आरोप था कि हरिश्चंद्र सैनी का छेबड़ा निवासी सत्येंद्र सिंह और रामदास से जमीनी विवाद चल रहा है। हरिश्चंद्र सैनी विवाद निपटाने के लिए कलुआ और पूर्व सभासद कैलाश के पास जाने की बात कहकर निकले थे। घटना वाली रात 8:30 बजे छोटी बेटी रेखा से फोन पर उनकी बात हुई थी। इस दौरान उन्होंने जल्द ही घर आने की बात कही थी। लेकिन वह घर नहीं लौटे, बाद में फोन भी रिसीव नहीं हुआ। खोज के दौरान आधी रात के समय उनका शव मोहल्ला तकिया मोती शाह में ब्रिटिश स्कूल के पीछे कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला था। कारोबारी की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था। एसपी सुनीति ने फोर्स के साथ घटनास्थल का मुआयना किया था।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए थे। मृतक के भाई राजपाल सिंह की तहरीर पर सत्येंद्र उर्फ पप्पू, रामदास, कलुआ और पूर्व सभासद कैलाश के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई था। तभी से पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि हरिश्चंद्र को दो गोली मारी गई थीं। इसमें एक गोली पीछे से तो दूसरी गोली सामने से दागी गई थी। दोनों गोली सीने को चीरते हुए पार हो गई थी जबकि हत्या से पहले हरिश्चंद्र ने भरपेट खाना खाया था, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। उन्होंने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। कई अहम क्लू मिले हैं, जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा
पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार
अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तकिया मोती शाह में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या के बाद सोमवार की शाम शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।